नई दिल्ली:– कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही अपने करोड़ों सदस्यों के लिए UPI आधारित PF Withdrawal सुविधा शुरू करने जा रहा है। EPFO 3.0 के तहत कर्मचारी अब सीधे अपने UPI लिंक्ड बैंक अकाउंट में PF की रकम ट्रांसफर कर सकेंगे। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि इस नई सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और इसे जल्द लॉन्च किया जा सकता है।
हालांकि, UPI से PF निकालने की सुविधा शुरू होने से पहले कर्मचारियों को 5 बेहद जरूरी काम पूरे करने होंगे, वरना क्लेम रिजेक्ट होने या पैसा अटकने जैसी परेशानी हो सकती है। सबसे पहले आपका UAN (Universal Account Number) एक्टिव होना जरूरी है। अगर UAN बंद है, पासवर्ड भूल गए हैं या मोबाइल नंबर पुराना है, तो तुरंत अपडेट करा लें।
दूसरा, EPFO रिकॉर्ड में आपका नाम, जन्मतिथि और अन्य पर्सनल डिटेल्स आधार कार्ड से मैच करनी चाहिए। साथ ही PAN और Aadhaar दोनों UAN से लिंक और वेरिफाइड होने चाहिए, नहीं तो ज्यादा TDS कट सकता है। तीसरा सबसे अहम काम बैंक अकाउंट डिटेल्स अपडेट करना है। बैंक अकाउंट नंबर, IFSC कोड और अकाउंट होल्डर का नाम सही होना चाहिए और उसी अकाउंट पर UPI एक्टिव होना जरूरी है।
चौथा, आधार, UAN और UPI से जुड़ा मोबाइल नंबर एक्टिव रखें क्योंकि OTP आधारित वेरिफिकेशन अनिवार्य हो सकता है। पांचवां और अंतिम काम नौकरी का रिकॉर्ड और नॉमिनी अपडेट करना है। कई बार पुराने PF अकाउंट लिंक नहीं होते, नौकरी छोड़ने की तारीख अपडेट नहीं रहती या नॉमिनी डिटेल अधूरी होती है, जिससे क्लेम में देरी हो सकती है। EPFO की नई डिजिटल सुविधा कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है, लेकिन समय रहते ये अपडेट नहीं किए तो UPI से PF निकालना मुश्किल हो सकता है।
