मध्यप्रदेश:– हाइ-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मामले में पल-पल बदलते घटनाक्रम के बीच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को एक बेहद बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सीबीआई की टीम ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की मौजूदगी में पूर्व जज गिरिबाला सिंह के भोपाल स्थित आवास के भीतर प्रवेश किया।जांच एजेंसी ने यहां घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों को खंगालते हुए पूरे घर के अंदर की बारीकी से मैपिंग की कार्रवाई की।
इस कार्रवाई के बाद से ही पूर्व जज के आवास को दिल्ली से आई विशेष पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेर रखा है। सूत्रों के मुताबिक, जांच के घेरे में आईं गिरिबाला सिंह की आधिकारिक गिरफ्तारी की औपचारिकता अगले कुछ ही घंटों के भीतर पूरी की जा सकती है
दिल्ली से बुलाई गई महिला विंग
इस पूरे मामले की संवेदनशीलता और पूर्व जज के रसूख को ध्यान में रखते हुए सीबीआई फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। कानूनी प्रक्रियाओं और पूछताछ के दौरान किसी भी विवाद से बचने के लिए सीबीआई की दिल्ली विंग से महिला पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम को भी भोपाल बुलाकर तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में कानून के शिकंजे में आ चुका मुख्य आरोपी समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई की हिरासत में है। कोर्ट द्वारा मंजूर की गई उसकी रिमांड अवधि आगामी 29 मई को समाप्त हो रही है।
समर्थ से हुई पूछताछ में मिले अहम सुरागों और कड़ियों को जोड़ने के बाद ही अब जांच की सीधी आंच पूर्व जज गिरिबाला सिंह तक पहुंच चुकी है, जिससे उनकी गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।
