मध्य प्रदेश :– सवा करोड़ से अधिक महिलाओं के लिए रविवार, 14 जून 2026 का दिन खुशियों की एक नई सौगात लेकर आ रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव बुंदेलखंड के सागर जिले के देवरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले केसली से प्रदेश की लाड़ली बहनों को बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री केसली में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन के मंच से लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त का आधिकारिक बटन दबाएंगे, जिसके बाद प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक पात्र हितग्राही महिलाओं के डीबीटी एक्टिवेटेड बैंक खातों में 1500 रुपये की सम्मान राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से तत्काल ट्रांसफर हो जाएगी।
केसली को 350 करोड़ की सौगात
इस कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव केसली और देवरी क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 350 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। सागर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित स्थानीय विधायक ने केसली में कार्यक्रम स्थल का मुआयना कर सुरक्षा और पंडाल की तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। मैदानी स्तर पर महिलाओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए रूट चार्ट भी तैयार किया गया है।
कैसे मिलता है योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को दिया जाता है, जिनके पूरे परिवार की सम्मिलित वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम या उसके बराबर हो। यदि महिला के परिवार में कोई भी सदस्य आयकरदाता है या केंद्र/राज्य सरकार के किसी भी विभाग में परमानेंट सरकारी कर्मचारी है, तो वे इस योजना के दायरे से बाहर हो जाती हैं। इसके साथ ही परिवार के पास 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि या खुद का चार पहिया वाहन नहीं होना चाहिए। योजना के अंतर्गत 21 वर्ष से लेकर 60 वर्ष की आयु सीमा के बीच आने वाली विवाहित, विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाओं को सीधे तौर पर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर महीने यह राशि प्रदान की जाती है।
किस्त का स्टेटस ऐसे करें चेक
रविवार, 14 जून को मुख्यमंत्री द्वारा राशि ट्रांसफर किए जाने के बाद बहनें घर बैठे अपने मोबाइल से भुगतान की स्थिति जांच सकती हैं। सबसे पहले योजना के आधिकारिक वेब पोर्टल cmladlibahna.mp.gov.in पर लॉग इन करें। होम पेज पर दिखाई दे रहे ‘आवेदन एवं भुगतान की स्थिति’ वाले विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना समग्र सदस्य आईडी या पंजीकृत रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें। आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा, उसे सबमिट करते ही स्क्रीन पर 37वीं किस्त के भुगतान की पूरी डिजिटल रसीद और स्टेटस दिखाई देने लगेगा।
