नई दिल्ली:– सोशल मीडिया पर वायरल एआई जनरेटेड विवादित धार्मिक पोस्ट को लेकर दुर्ग में यूनाइटेड क्रिश्चियन काउंसिल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है, काउंसिल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
काउंसिल का कहना है कि वायरल पोस्ट में ईसाई और हिंदू धर्म से जुड़े आराध्य स्वरूपों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री दिखाई गई है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है, ज्ञापन में मांग की गई है कि पोस्ट की गहन जांच कर दोषी के मिलने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, चाहे वह ईसाई समुदाय का ही क्यों न हो, साथ ही भविष्य में इस तरह की भड़काऊ सामग्री पर रोक लगाने और जिले में सभी समुदायों के बीच शांति, सौहार्द और आपसी सम्मान बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
फेसबुक पर पोस्ट किए गए कुछ वीडियो में ईसा मसीह को हिंदू देवी-देवताओं से ऊपर बताया गया, साथ ही भगवान शिव और भगवान विष्णु द्वारा ईसा मसीह को अपना पिता बताए जाने जैसी बातें भी कही गई, जिसे लेकर रायपुर में भी हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। मामले में हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
