नई दिल्ली:– भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल में उन्होंने जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराया। इस जीत के साथ उनका कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है, लेकिन उनकी नजर अब स्वर्ण पदक पर है। फाइनल में प्रीति का मुकाबला कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो से होगा।
ठीक से खाना भी नहीं खा पाते’
सेमीफाइनल जीतने के बाद प्रीति ने बॉक्सरों के लिए सबसे कठिन चुनौती मानी जाने वाली वेट कटिंग प्रक्रिया पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ‘यह हमारी ट्रेनिंग का हिस्सा है। इससे हमें प्रेरणा मिलती है। यह थोड़ा मुश्किल होता है, क्योंकि हम ठीक से खाना भी नहीं खा पाते। लेकिन यही एहसास हमें प्रेरित करता है कि हम फाइनल से सिर्फ एक कदम दूर हैं।’
सेमीफाइनल में पूरी तरह हावी रहीं प्रीति
मुकाबले की शुरुआत में दोनों मुक्केबाजों के बीच बराबरी की टक्कर देखने को मिली, लेकिन जल्द ही प्रीति ने अपने तेज जैब, सटीक लेफ्ट पंच और शानदार फुटवर्क से मुकाबले पर पकड़ बना ली। उन्होंने कैथरीन म्वापे पर लगातार दबाव बनाए रखा और उन्हें तीन बार स्टैंडिंग एट काउंट लेने पर मजबूर किया। पूरे मुकाबले में प्रीति ने संयम बनाए रखा और शानदार बॉडी शॉट्स के दम पर सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज की।
अब गोल्ड जीतने का भरोसा
फाइनल में पहुंचने के बाद प्रीति ने कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं कि मैंने भारत के लिए कम से कम रजत पदक सुनिश्चित कर लिया है। अब फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगी और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतूंगी।’ उन्होंने भारतीय सेना, भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (BFI), भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स का भी आभार जताया।
