मध्य प्रदेश :– प्रदेश में दो दिन तक हल्की से मध्यम बारिश के बाद 4 और 5 अगस्त से एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तर और पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में हैवी रेन का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राजस्थान के ऊपर सक्रिय निम्न दाब क्षेत्र और मानसून ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का सिलसिला बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार और सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 48 घंटे तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। शनिवार को भी भोपाल, खरगोन, रतलाम सहित कई जिलों में रुक-रुककर बूंदाबांदी और हल्की बारिश दर्ज की गई।
4 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 4 अगस्त को छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर जलभराव और निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है।
5 अगस्त को इन जिलों पर रहेगा असर
5 अगस्त को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है।
कई जिलों में सामान्य से कम बारिश
प्रदेश के 43 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, जबलपुर, कटनी, सागर, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उज्जैन, मुरैना, शिवपुरी, श्योपुर, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, मंदसौर, धार, गुना और अन्य जिले शामिल हैं। वहीं भोपाल, इंदौर, देवास, खंडवा, खरगोन, सीहोर, बुरहानपुर, भिंड और बड़वानी समेत 12 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मानसून सिस्टम बना बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान के ऊपर सक्रिय लो प्रेशर एरिया और प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 4 और 5 अगस्त को बनने वाले सिस्टम के प्रभाव से उत्तर और पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
