सतना :– नई दिशा फाउंडेशन सतना एवं अनुपमा एजुकेशन सोसायटी के तत्वावधान में कन्या धवारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सतना में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जागरूकता एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नमामि सतीश एस ने अपने उद्बोधन में कहा कि “पद नहीं, सादगी और संस्कार ही व्यक्ति की सच्ची पहचान हैं।” उन्होंने छात्राओं से जीवन में सादगी, अनुशासन और अच्छे संस्कार अपनाकर सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अनुपमा एजुकेशन सोसायटी द्वारा छात्राओं को स्तनपान के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभाव तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नई दिशा फाउंडेशन सतना की ओर से विद्यालय की कक्षा 10वीं की मेधावी छात्राओं का सम्मान किया गया। सम्मानित छात्राओं में प्रथम स्थान पर आयुषी गौतम, द्वितीय स्थान पर सृष्टि द्विवेदी तथा तृतीय स्थान पर लक्ष्मी प्रजापति रहीं। सभी मेधावी छात्राओं को सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एजुकेशन सोसायटी की सचिव शैला तिवारी ,डॉ. मधु गुप्ता नई दिशा फाउंडेशन सतना की अध्यक्ष मनीषा सिंह कन्या धवारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य टोप्पो, निशा खरे श्रेया सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएँ एवं विद्यालय की शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन करना था। उपस्थित सभी अतिथियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Post Views: 170