नई दिल्ली:– 15 अगस्त को लेकर भारत-पाकिस्तान की सीमा पर सुरक्षा बलों ने सुरक्षा बढ़ा दी है। इस बीच भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से बड़ी खबर सामने आई। अमृतसर में दाओके गांव में कंटीले तारों की बाड़ के पास BSF ने पाकिस्तान से आए एक घुसपैठिए को ढेर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना घरिंडा पुलिस स्टेशन के क्षेत्र में हुई।
फिलहाल, मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक के पास से किसी भी तरह का दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान की जा सके। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) जवानों की शिकायत पर घरिंडा पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने कस्टडी में ले लिया है।
जवानों ने उसे वहां जाने से रोकने के लिए बार-बार चेतावनी जी और रुकने को कहा। लेकिन व्यक्ति नहीं रूका और सीमा की ओर बढ़ने लगा। इसके बाद BSF जवानों ने फायरिंग कर दी और वह मौके पर ही मारा गया। इस घटना की जानकारी तुरंत घरिंडा पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। अब पुलिस मृतक की पहचान और अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के कारण का पता लगाने में जुटी हुई है।
पहचान बनी मिस्ट्री
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल से कोई प्रतिबंधित सामान, संदिग्ध चीजें या पहचान-पत्र बरामद नहीं हुए। मृतक की पहचान और राष्ट्रीयता का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सीमा पार से तस्करी और घुसपैठ की लगातार कोशिशों के बीच पंजाब सीमा पर कड़ी सुरक्षा को देखते हुए यह घटना अहम है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि वह व्यक्ति सीमा पर लगी बाड़ के पास क्यों गया था।
