नई दिल्ली :– PM Modi Instagram: सोशल मीडिया के दौर में राजनीतिक संवाद का तरीका तेजी से बदल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मंत्रियों को युवाओं की भाषा और पसंद के मुताबिक संवाद करने की सलाह दिए जाने के बाद केंद्र सरकार के मंत्रियों की Instagram पर सक्रियता में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
आंकड़ों के मुताबिक, मोदी कैबिनेट के 29 मंत्रियों में से 28 ने पिछले एक महीने में Instagram पर अपनी गतिविधियां बढ़ाई हैं। इस दौरान मंत्रियों की ओर से शेयर की जाने वाली पोस्ट की संख्या में करीब 48 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
एक महीने में 1,179 पोस्ट
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 13 से 26 जुलाई के बीच मोदी कैबिनेट के मंत्रियों ने Instagram पर कुल 797 पोस्ट शेयर की थीं। वहीं, 11 से 24 अगस्त के बीच यह आंकड़ा बढ़कर 1,179 पोस्ट हो गया।
यानी करीब एक महीने के भीतर पोस्टिंग में 48 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस अवधि में औसतन हर केंद्रीय मंत्री ने करीब 82 पोस्ट साझा कीं और मंत्रियों के Instagram अकाउंट्स पर कुल 80,993 नए फॉलोअर्स जुड़े।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद भी Instagram पर काफी सक्रिय नजर आए हैं। मौजूदा समय में उनके Instagram अकाउंट पर 10.65 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
23 से 31 जुलाई के बीच प्रधानमंत्री ने पांच सेल्फी-स्टाइल रील्स पोस्ट कीं। इन रील्स को बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और कुल मिलाकर करीब 120 करोड़ व्यूज मिले।
इसके अलावा, पिछले एक महीने में प्रधानमंत्री की ओर से नियमित रूप से Instagram पर पोस्ट शेयर करने की कोशिश भी दिखाई दी। इस दौरान उनके अकाउंट पर 31 पोस्ट साझा की गईं और करीब 31 लाख नए फॉलोअर्स जुड़े।
अमित शाह और जयशंकर को सबसे ज्यादा फायदा
मंत्रियों के बीच फॉलोअर्स बढ़ने के मामले में भी काफी अंतर देखने को मिला। इस अवधि में गृहमंत्री अमित शाह सबसे ज्यादा नए फॉलोअर्स हासिल करने वाले मंत्री रहे। उनके बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर, चंद्रकांत रघुनाथ पाटिल, प्रल्हाद जोशी और पीयूष गोयल का नंबर रहा।
हालांकि, आंकड़े यह भी बताते हैं कि ज्यादा पोस्ट करने का सीधा असर फॉलोअर्स की संख्या पर पड़ना जरूरी नहीं है।
अमित शाह ने इस अवधि में 14 पोस्ट और एस. जयशंकर ने 59 पोस्ट साझा कीं। इसके विपरीत नितिन गडकरी ने इससे कहीं अधिक पोस्ट कीं, लेकिन उनके फॉलोअर्स बढ़ने के बजाय कम हो गए।
नितिन गडकरी के फॉलोअर्स घटे
इस दौरान नितिन गडकरी ऐसे केंद्रीय मंत्री रहे, जिनके Instagram फॉलोअर्स में गिरावट दर्ज की गई। उनकी फॉलोअर्स संख्या करीब 66.91 लाख से घटकर 66.65 लाख रह गई। यानी लगभग 26,080 फॉलोअर्स की कमी आई।
कम ग्रोथ या फॉलोअर्स में गिरावट वाले मंत्रियों की सूची में जीतन राम मांझी, जुएल ओराम, मनोहर लाल खट्टर और भूपेंद्र यादव भी शामिल रहे।
सिर्फ पोस्ट बढ़ाने से नहीं मिलते ज्यादा फॉलोअर्स
आंकड़ों से एक और दिलचस्प बात सामने आती है। Instagram पर ज्यादा सक्रिय रहने वाले हर मंत्री को उसी अनुपात में नए फॉलोअर्स नहीं मिले।
डॉ. वीरेंद्र कुमार और गिरिराज सिंह ने भी अपनी सोशल मीडिया गतिविधियों में बढ़ोतरी की, लेकिन उनके फॉलोअर्स में उतनी बड़ी वृद्धि नहीं हुई।
इससे संकेत मिलता है कि Instagram पर केवल पोस्ट की संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। कंटेंट का फॉर्मेट, विषय, रील्स की पहुंच और युवाओं के साथ जुड़ाव भी फॉलोअर्स बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
रील्स के जरिए युवाओं तक पहुंचने की कोशिश
प्रधानमंत्री की ओर से युवाओं से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिए जाने के बाद कई केंद्रीय मंत्री रील्स और छोटे वीडियो के जरिए अपनी गतिविधियां साझा कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ऐसे नेताओं में शामिल हैं, जो अलग-अलग मुद्दों को रील्स के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने पर जोर दे रहे हैं।
भारत में 55 करोड़ Instagram यूजर्स
नेपोलियन कैट के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में करीब 55 करोड़ Instagram यूजर्स हैं। इनमें लगभग 70 से 76 फीसदी यूजर्स 35 वर्ष से कम उम्र के हैं।
युवा आबादी की बड़ी हिस्सेदारी को देखते हुए Instagram राजनीतिक संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनता जा रहा है। 2026 की जनसंख्या प्रोजेक्शन के मुताबिक, 18 से 29 वर्ष की उम्र के युवा देश की कुल वोटिंग आबादी का करीब 29.2 फीसदी हिस्सा हैं।
ऐसे में केंद्र सरकार और उसके मंत्रियों की Instagram पर बढ़ती सक्रियता को युवाओं तक सीधे पहुंच बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
