नई दिल्ली :– भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान की पूरी टीम को 19.5 ओवर में महज 57 रन पर समेट दिया।
जापान की ओर से हारुना इवासाकी ने 10 और अयाका काटो स्टेफॉर्ड ने 25 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। भारत की ओर से श्री चरणी ने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट झटके। शेफाली वर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली। 58 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने महज 5 ओवर में 2 विकेट खोकर 59 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
शेफाली वर्मा ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। ऋचा घोष 6 गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। जी कमालिनी बिना खाता खोले और भारती फूलमाली 6 रन बनाकर आउट हुईं। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश ने बारिश के कारण चीन के खिलाफ मुकाबला रद्द होने के बाद बेहतर ICC रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
