नई दिल्ली:- फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी इन दिनों अपनी जबरदस्त कमाई को लेकर चर्चा में है। बड़े सितारों और भारी-भरकम बजट के बिना बनी इस फिल्म ने कमाई के मामले में कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह है कि अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ के सिनेमाघरों में आने के बाद भी ‘हनुमान अंश’ की कमाई का सिलसिला जारी रहने का दावा किया जा रहा है।
नौवें हफ्ते में भी फिल्म ने दिखाई ताकत
सामने आए बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के नौवें सप्ताह में करीब 10.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इससे पहले आठवें सप्ताह में फिल्म की कमाई 29.20 करोड़ रुपये बताई गई थी।
हालांकि पिछले सप्ताह के मुकाबले कमाई में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन सिनेमाघरों में दो महीने से ज्यादा समय बिताने के बाद भी करोड़ों रुपये का कारोबार करना फिल्म की सफलता को दर्शाता है। रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के 63वें दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने लगभग 75 लाख रुपये का कारोबार किया।।
328 करोड़ के पार पहुंचा कुल कलेक्शन
फिल्म की कमाई को लेकर सामने आई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसका कुल भारतीय नेट कलेक्शन 328 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं ग्रॉस कलेक्शन 387 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
फिल्म की अब तक की कमाई को देखते हुए इसे बड़ी व्यावसायिक सफलता माना जा रहा है। हालांकि आने वाले दिनों में 350 करोड़ रुपये का नेट आंकड़ा छूना फिल्म के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसकी वजह सिनेमाघरों में नई फिल्मों की रिलीज और समय के साथ दर्शकों की संख्या में होने वाली कमी है।
