नई दिल्ली: –:राजधानी दिल्ली में होने वाली ‘अयोध्या की रामलीला’ इस बार खास रहने वाली है। सांसद और अभिनेता रवि किशन पहली बार भगवान श्रीराम की भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह आयोजन 19 और 20 अक्टूबर को संविधान क्लब ऑफ इंडिया में होगा, जिसमें अरुण बख्शी और रजा मुराद जैसे कलाकार भी शामिल होंगे।
रवि किशन ने इस किरदार को अपने जीवन का बेहद महत्वपूर्ण अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की भूमिका निभाना सिर्फ अभिनय नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक, मंच पर जाने से पहले कलाकार के मन में थोड़ा डर होना जरूरी है, क्योंकि इससे वह अपने किरदार को लेकर और सतर्क रहता है।
रवि किशन ने बताया कि वह पहले परशुराम, केवट, माता सीता और भगवान श्रीकृष्ण जैसे किरदार निभा चुके हैं, लेकिन श्रीराम का किरदार सबसे अलग और विशेष है। उन्होंने कहा कि इस भूमिका में किसी भी तरह की गलती की गुंजाइश नहीं होती और कलाकार को पूरी मर्यादा के साथ स्क्रिप्ट के अनुसार ही चलना पड़ता है।
श्रीराम का किरदार निभाने के लिए रवि किशन खास तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान वे व्रत रख रहे हैं और शुद्ध मन के साथ इस भूमिका को निभाना चाहते हैं। साथ ही वे अपनी डाइट पर भी ध्यान दे रहे हैं और रामलीला से पहले मूंछें भी हटाएंगे।
इस रामलीला का प्रसारण दूरदर्शन, ओटीटी और यूट्यूब के माध्यम से किया जाएगा। वहीं, मिस यूनिवर्स इंडिया केजिया लिज मेजो माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी।
