नई दिल्ली:- दीपावली से पहले विद्युत लाइनों और उपकरणों के रखरखाव एवं आवश्यक सुधार कार्य के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने आरंग क्षेत्र में प्री-दिवाली मेंटेनेंस का कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 13 से 28 अक्टूबर 2026 के बीच आठ अलग-अलग दिनों में विभिन्न 11 केवी फीडरों पर रखरखाव कार्य किया जाएगा। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
विद्युत विभाग के आरंग कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, 13 अक्टूबर को एफसीआई आरंग फीडर के मेंटेनेंस के चलते एफसीआई, आरआर ब्रिक्स और खरोरा-अभनपुर रोड सहित संबंधित क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी।
14 अक्टूबर को महानदी पारागांव फीडर के रखरखाव के कारण पारागांव बस्ती, नदी रोड और निसदा रोड क्षेत्र प्रभावित होंगे। वहीं, 16 अक्टूबर को पारागांव टाउन फीडर के मेंटेनेंस के चलते पारागांव, पंधी और आरंग के शक्तिनाला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसी क्रम में 21 अक्टूबर को राटाकाट फीडर के अंतर्गत राटाकाट गांव, अघरिया प्लाट और वेयरहाउस क्षेत्र में बिजली बंद रहेगी। 23 अक्टूबर को दीनदयाल एवं अटल आवास फीडर के रखरखाव के चलते दीनदयाल कॉलोनी, अटल आवास, जीईडी और एचपी क्वार्टर क्षेत्र के उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
24 अक्टूबर को टाउन-2 फीडर के मेंटेनेंस के कारण खमतराई चौक, ब्लॉक कॉलोनी, बागेश्वर पारा, नेताजी चौक, गुड़ियारी पारा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), अकोली रोड और बस स्टैंड आरंग सहित संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
वहीं, 26 अक्टूबर को रसनी टाउन फीडर के रखरखाव के चलते पारागांव, पंधी खार, बैहार और घुमराभाठा क्षेत्र में बिजली कटौती होगी। 28 अक्टूबर को टाउन-1 फीडर के मेंटेनेंस के कारण खरोरा रोड, कॉलेज चौक, सुमन कॉलोनी, श्रीराम विहार, दुर्गा विहार, आईटीआई कॉलेज, कलई रोड, इंदिरा चौक, सदर रोड, बस स्टैंड, उच्चदाब उपभोक्ता क्षेत्र, डिविजनल इलेक्ट्रिक और ईजी रेलवे आरंग सहित संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
कर्मचारियों को सुबह 9 बजे उपकेंद्र में उपस्थित रहने के निर्देश
जारी पत्र में तकनीकी कर्मचारियों को सुबह 9 बजे 33/11 केवी उपकेंद्र खमतराई में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, मेंटेनेंस कार्य की अवधि में कर्मचारियों को अवकाश पर नहीं रहने के लिए कहा गया है, ताकि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार रखरखाव कार्य पूरा किया जा सके।
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
दीपावली से पहले विद्युत लाइनों और संबंधित उपकरणों का रखरखाव कर आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह कार्य किया जा रहा है। बिजली विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारणी को ध्यान में रखते हुए अपने आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें। विभाग के अनुसार, मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
