नई दिल्ली:- लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला पुलिस सुकमा द्वारा शहीद आकाश राव गिरेपुंजे की स्मृति में जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन शबरी ऑडिटोरियम में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर पक्ष एवं विपक्ष में अपने तार्किक विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 12 छात्राओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।अखबार पढ़ें
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद आकाश राव गिरेपुंजे को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित अतिथियों ने उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उल्लेखनीय है कि शहीद आकाश राव गिरेपुंजे कोंटा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे। नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में देश की सुरक्षा करते हुए उन्होंने अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनकी शहादत आज भी पुलिस बल और जिलेवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
AI और सोशल मीडिया के फायदे-नुकसान पर हुई सार्थक बहस
प्रतियोगिता का विषय “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सोशल मीडिया का युग : मानव प्रगति के लिए वरदान या अस्तित्व के लिए खतरा” रखा गया था। विद्यार्थियों ने शिक्षा, सूचना, संचार और तकनीकी विकास में AI एवं सोशल मीडिया की भूमिका पर अपने विचार रखे। वहीं साइबर अपराध, भ्रामक सूचनाओं, निजता के उल्लंघन और मानवीय मूल्यों पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर भी गंभीर तर्क प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने अपनी अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और तार्किक क्षमता से उपस्थित अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। बहस के माध्यम से यह संदेश सामने आया कि आधुनिक तकनीक प्रगति के नए अवसर प्रदान कर रही है, लेकिन उसका जिम्मेदारी और विवेक के साथ उपयोग करना भी आवश्यक है।
तीन चरणों में आयोजित हुई प्रतियोगिता
जिला पुलिस द्वारा प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया गया। प्रथम चरण 14 अक्टूबर 2026 को हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर पर आयोजित हुआ। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों ने 24 अक्टूबर को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। ब्लॉक स्तर पर चयनित विद्यार्थियों के बीच जिला स्तर पर अंतिम मुकाबला हुआ। प्रतियोगिता को हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी, दो वर्गों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक वर्ग में पक्ष एवं विपक्ष श्रेणी के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
विजेता प्रतिभागियों की सूची
हाईस्कूल वर्ग – पक्ष
प्रथम – अनुष्का कन्नौजिया (सुकमा)
द्वितीय – हिमांशी नागवंशी (छिंदगढ़)
तृतीय – निकिता टावरी (सेजेस दोरनापाल, कोंटा)
हाईस्कूल वर्ग – विपक्ष
प्रथम – तृषा सरकार (सेजेस तोंगपाल)
द्वितीय – दीक्षा मंडल (सेजेस दोरनापाल)
तृतीय – लावण्या नाग (आईएमएसटी, सुकमा)
हायर सेकेंडरी वर्ग – पक्ष
प्रथम – तृषा सरकार (सेजेस दोरनापाल, कोंटा)
द्वितीय – कारम नंदनी (एकलव्य विद्यालय, छिंदगढ़)
तृतीय – ईशा सिन्हा (डीएवी, सुकमा)
हायर सेकेंडरी वर्ग – विपक्ष
प्रथम – निधि सिंह (सेजेस पवारास, सुकमा/कोंटा)
द्वितीय – दिया मंडल (सेजेस दोरनापाल)
तृतीय – प्रतिज्ञा मांझी (एकलव्य विद्यालय, छिंदगढ़)
सभी 12 विजेता छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अमित कुमार, CRPF DIG आनंद सिंह राजपुरोहित, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, वनमंडलाधिकारी अक्षय भोसले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की एवं मनीष कुंवर, जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी सहित रक्षित निरीक्षक रवि उपाध्याय, थाना प्रभारी सुकमा रोशन राजपूत, थाना प्रभारी केरलापाल सेराज खान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इसके अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे, जिला पंचायत सदस्य सन्नू कोरसा, विश्वराज चौहान, पत्रकारगण एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
बदलते सुकमा की नई तस्वीर, शिक्षा और संवाद से गढ़ रहे भविष्य
जिला पुलिस सुकमा की यह पहल शहीद आकाश राव गिरेपुंजे के बलिदान को स्मरण करने के साथ ही युवा पीढ़ी में राष्ट्रहित, सामाजिक जिम्मेदारी, तकनीकी जागरूकता और लोकतांत्रिक संवाद की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
कभी नक्सलवाद की चुनौती के लिए पहचाने जाने वाले सुकमा में आज विद्यार्थियों का मंच पर खड़े होकर AI, सोशल मीडिया और मानव सभ्यता के भविष्य जैसे विषयों पर तर्कपूर्ण विचार रखना जिले में बदलते शैक्षणिक और सामाजिक परिवेश की तस्वीर पेश करता है। शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर शिक्षा, ज्ञान और रचनात्मक चिंतन के माध्यम से आगे बढ़ती युवा पीढ़ी ही सुकमा के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
