छत्तीसगढ़ :- लगातार बारिश के बाद अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, शनिवार को रायपुर सहित प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।
चक्रवात अर्नब कमजोर पड़ चुका है, लेकिन उसके अवशेषों से बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर मौसम पर बना हुआ है। मौसम विभाग के 30 अक्टूबर के बुलेटिन के अनुसार, यह सिस्टम उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर था। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर उत्तरी छत्तीसगढ़ में दिखाई दिया। 30 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों में बलरामपुर जिले के कुसमी में 28 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। अन्य दर्ज आंकड़ों में चांदो और सामरी में 14-14, कुनकुरी में 12 तथा तमनार और रामानुजगंज में 9-9 सेंटीमीटर वर्षा हुई। रायगढ़, कांसाबेल, सन्ना और बगभा में 8-8 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
राजधानी में शनिवार को आसमान बादलों से घिरा रह सकता है। रायपुर-माना के लिए IMD के पूर्वानुमान में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
प्रदेश में दर्ज तापमान की बात करें तो जगदलपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री रहा, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को खड़ी फसलों और सब्जियों के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की सलाह दी है।
