नई दिल्ली:- संविधान की किताब के रंग और ‘रेजीम चेंज’ को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा नीले रंग की संविधान की किताब देखी है, जबकि विपक्ष के नेता लाल किताब लेकर घूम रहे हैं। फडणवीस ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप भी लगाया।खबरें पढ़ें
फडणवीस ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। उनके मुताबिक, विपक्ष को राजनीतिक विरोध का अधिकार है, लेकिन संविधान के तहत बनी संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
‘रेजीम चेंज’ के बयान पर उठाए सवाल
उद्धव ठाकरे के बयान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘रेजीम चेंज’ का अर्थ केवल सरकार बदलना नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था बदलना है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की इस तरह की बातें संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चुनौती हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने 1975 के आपातकाल और उसके बाद हुए संविधान संशोधनों का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार ने नागरिकों के अधिकार सीमित किए थे और अब वही पार्टी संविधान बचाने की बात कर रही है।
न्यायपालिका के खिलाफ प्रदर्शन पर भी सवाल
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि विपक्ष एक तरफ संविधान की किताब दिखाता है और दूसरी तरफ उसी संविधान से बनी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाता है। सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ प्रदर्शनों पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि न्यायपालिका की गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए।
