मध्य प्रदेश :- गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गौ-पूजन के साथ पशुपालकों और गोशालाओं के लिए बड़ी आर्थिक सहायता जारी की। मुख्यमंत्री ने उज्जैन की तिलकेश्वर गौशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की।
इसके बाद सीएम भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने 466 विजेता पशुपालकों को 2 करोड़ 95 लाख रुपए की पुरस्कार राशि और प्रदेश की पंजीकृत गोशालाओं के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपए की अनुदान राशि अंतरित की।
उज्जैन की गौशाला में की गोवर्धन पूजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर उज्जैन स्थित तिलकेश्वर गौशाला में गौमाता का विधि-विधान से पूजन किया। उन्होंने गौमाता को चुनरी ओढ़ाई और आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोमाता की पूजा के साथ उनका पालन-पोषण भी जरूरी है। सभी लोगों को गोपालन और गोवंश के प्रबंधन में अपना योगदान देना चाहिए।
466 पशुपालकों को 2.95 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि
भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के अंतर्गत 466 विजेता पशुपालकों को कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपए की पुरस्कार राशि अंतरित की। इस योजना के तहत सम्मानित पशुपालकों को आर्थिक प्रोत्साहन दिया गया है। सरकार का उद्देश्य पशुपालन को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में इसकी भागीदारी मजबूत करना है।
3 हजार गोशालाओं को 65.66 करोड़ रुपए का अनुदान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश की 3 हजार पंजीकृत गोशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपए की अनुदान राशि भी अंतरित की। यह राशि गोवंश के रखरखाव और भोजन की व्यवस्था में सहयोग के लिए दी गई है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर जारी इस सहायता से प्रदेश की गोशालाओं को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।
