नई दिल्ली:-:लोकआस्था, श्रद्धा और अटूट विश्वास का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस पावन अवसर पर देशभर में श्रद्धालुओं ने नदी, तालाबों और विभिन्न स्थानों पर बनाए गए अस्थायी घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
छठ पर्व के अंतिम दिन सोमवार तड़के से ही दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड सहित देश के कई राज्यों में घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे दउरे लेकर घाटों पर पहुंचे। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सभी ने अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।
इस अनुष्ठान के साथ ही खरना के बाद शुरू हुआ लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत भी पूरा हुआ। सूर्यदेव को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने पारण किया तथा परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण कर पर्व का समापन किया।
छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, संयम, पवित्रता, त्याग और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व लोकआस्था और भारतीय संस्कृति की गहरी जड़ों को दर्शाता है।
छठ पूजा 2026 के चार दिवसीय महापर्व का आज अंतिम दिन है। इस पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के भद्रेश्वर इलाके में स्थित शिव मंदिर घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। व्रतियों और श्रद्धालुओं ने उगते हुए सूर्य देव को विधि-विधान के साथ ‘ऊषा अर्घ्य’ अर्पित किया। इस दौरान घाट पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच श्रद्धालुओं ने सूर्य देव से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना की। सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा घाट छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
