नई दिल्ली:- बाल झड़ने की समस्या केवल महिलाओं में ही नहीं बल्कि पुरुषों के लिए बी बड़ी समस्या बनती जा रही है। कई पुरुषों में कम उम्र से ही हेयरलाइन पीछे जाने लगती है या सिर के बीच वाले हिस्से में बाल पतले हो जाते हैं। लोग इसे मौसम, शैंपू या बालों की सही देखभाल न करने से जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसके पीछे जेनेटिक्स, हार्मोन, तनाव और पोषण की कमी जैसे कई कारण हो सकते हैं।
ऐसे में यह समझना जरूरी है कि पुरुषों में बाल झड़ने के आम कारण क्या हैं और किन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
पुरुषों में बाल झड़ने के 6 बड़े कारण
जेनेटिक्स और हार्मोन में बदलाव
पुरुषों में बाल झड़ने का सबसे आम कारण मेल पैटर्न हेयर लॉस होता है। इसे एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया भी कहते हैं। इस समस्या के लिए आनुवंशिक कारण और हार्मोन से जुड़ी हो सकती है। इसमें DHT यानी डायहाइड्रोटेस्टोस्टेरोन नाम का हार्मोन बालों के फॉलिकल्स को छोटा करने लगता है।
समय के साथ कुछ फॉलिकल्स नए बाल की ग्रोथ रोक देते हैं। इसका संकेत माथे के दोनों किनारों से हेयरलाइन पीछे जाना या सिर के ऊपरी हिस्से में बाल कम होना होता है।
तनाव और नींद की कमी
लंबे समय तक मानसिक तनाव में रहने या किसी बड़ी बीमारी से गुजरने के बाद भी बाल झड़ते हैं। तेज बुखार, सर्जरी, गंभीर बीमारी या अचानक वजन कम होने के कुछ महीनों बाद बाल ज्यादा गिरने लगते हैं। इस स्थिति को टेलोजन एफ्लुवियम कहते हैं।
इसमें बाल पूरे सिर से ज्यादा झड़ते हैं। कई मामलों में इसके कारण का इलाज करने पर बालों का झड़ना धीरे-धीरे कम होने लगता है। लगातार तनाव और नींद की कमी से भी यह समस्या बनी रह सकती है।
शरीर में पोषक तत्वों की कमी
बालों की अच्छी ग्रोथ के लिए शरीर को पोषण से भरपूर भोजन की जरूरत होती है। आयरन, प्रोटीन और कुछ पोषक तत्वों की कमी बालों की सेहत को प्रभावित करती है। अगर खानपान संतुलित नहीं है, लंबे समय से डाइटिंग कर रहे हैं या वजन तेजी से घट रहा है, तो बाल झड़ने की समस्या बढ़ती है। इसलिए डाइट में दाल, दूध, दही, अंडे, सोया, हरी सब्जियां, फल और प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करें।
थायरॉइड और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं
थायरॉइड के कम या ज्यादा होने से बॉडी फंक्शनिंग प्रभावित होती हैं। इसका असर बालों की ग्रोथ पर पड़ता है। इसके अलावा कई दूसरी बीमारियां और शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव भी बाल झड़ने की वजह हो सकते हैं।
अगर बाल झड़ने के साथ लगातार थकान, वजन में बदलाव, कमजोरी या ठंड ज्यादा लगने जैसी समस्या हो रही हैं तो डॉक्टर से सलाह लें।
स्कैल्प इंफेक्शन और स्किन प्रॉब्लम
स्कैल्प स्किन में फंगल इंफेक्शन, सोरायसिस या दूसरी इंफ्लेमेशन जैसी समस्याएं भी बाल झड़ने का कारण हो सकती हैं। ऐसे में सिर में खुजली, लालिमा, पपड़ी, जलन या दर्द महसूस होने लगता है। कुछ इंफेक्शन में बाल टूटने लगते हैं और सिर पर खाली पैचेज दिखाई देने लगते है।
अगर स्कैल्प पर लगातार खुजली या पपड़ी जम रही है तो सिर्फ एंटी-डैंड्रफ शैंपू बदलते रहने के बजाय त्वचा विशेषज्ञ से जांच करवाना बेहतर है।
गलत हेयर केयर
कुछ दवाइयों के साइड इफेक्ट से भी बाल झड़ने लगते हैं। इसके अलावा बालों को खींचकर बांधना, बहुत ज्यादा हीट स्टाइलिंग और केमिकल वाले प्रोडक्ट का इस्तेमाल भी बाल को कमजोर बनाते हैं, जिससे बाल झड़ने लगते हैं। बालों की देखभाल के लिए बहुत ही माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें और जरूरत से ज्यादा हीट या केमिकल ट्रीटमेंट से बचें।
