.
कोरबा / खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी के लिए दर्ज फसल संबंधी दावों और आपत्तियों का सत्यापन किया जाएगा। राज्य शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को खसरा तथा फसल प्रविष्टि से जुड़े प्रकरणों का परीक्षण कर समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पात्र किसानों को धान विक्रय में कठिनाई न हो और अभिलेखों में वास्तविक फसल की स्थिति दर्ज रहे।
जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके खसरों की मैपिंग के लिए संबंधित समिति की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदारों को ऐसे प्रकरणों की निगरानी कर संबंधित समितियों के माध्यम से निराकरण कराने के निर्देश दिए हैं। खसरा मैपिंग की समयसीमा धान खरीदी अवधि के अनुरूप 15 जनवरी 2027 तक है।
जिन खसरों में डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के माध्यम से दूसरी फसल दर्ज है, जबकि किसान ने धान बोने का दावा किया है, उनका तहसीलदार के माध्यम से विस्तृत भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। ऐसे खसरे, जो DCS और पटवारी सत्यापन ऐप दोनों में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सत्यापन से छूट गए हैं, उनका भी परीक्षण किया जाएगा।
कलेक्टर ने तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करने के साथ मौके पर वास्तविक फसल और उसके क्षेत्रफल की जाँच की जाए। फसल की स्थिति प्रमाणित करने वाले स्थल के फोटो भी संलग्न किए जाएँ। सत्यापन के बाद सही और अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर फसल प्रविष्टि अथवा संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
