नई दिल्ली:- कतर की राजधानी दोहा में खेले जा रहे एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। लीग स्टेज के मुकाबलों के खत्म होने के साथ ही सेमीफाइनल की चारों टीमें और नॉकआउट राउंड का पूरा शेड्यूल तय हो गया है।
दरअसल, इस टूर्नामेंट में 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया था, जिसमें से अब टॉप-4 टीमें खिताब की रेस में बची हैं। क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि फाइनल मुकाबले में एक बार फिर भारत ए और पाकिस्तान ए के बीच महाभिड़ंत देखने को मिल सकती है।
सेमीफाइनल की चारों टीमें हुई कंफर्म, ये टीमें हुई बाहर
ग्रुप स्टेज के कड़े मुकाबलों के बाद ग्रुप-ए से श्रीलंका ए (टेबल टॉपर) और बांग्लादेश ए (दूसरे स्थान) ने सेमीफाइनल का टिकट कटाया है। वहीं, ग्रुप-बी से पाकिस्तान ए पहले नंबर पर रहते हुए और इंडिया ए दूसरे नंबर पर रहते हुए अंतिम-4 में पहुंची हैं। दूसरी ओर, ग्रुप-ए से अफगानिस्तान ए और हॉन्ग कॉन्ग चीन, जबकि ग्रुप-बी से नेपाल और यूएई की टीमों का सफर यहीं समाप्त हो गया है।
नॉकआउट मैचों का पूरा शेड्यूल
आपको बता दें कि सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमों को अलग-अलग प्रतिद्वंद्वियों से भिड़ना है। दोहा के स्थानीय समयानुसार सभी नॉकआउट मैच दोपहर 1:00 बजे शुरू होंगे, जिनका सीधा प्रसारण भारतीय समयानुसार (IST) दोपहर 3:30 बजे से होगा।
श्रीलंका अब तक नहीं हारी
श्रीलंका का ग्रुप ए में दबदबा रहा। उसे अब तक टूर्नामेंट में कोई नहीं हरा पाया है। श्रीलंका ने पहले मैच में अफगानिस्तान को छह विकेट से एकतरफा मुकाबले में मात दी थी। इसके बाद दूसरे मैच में उसने हांगकांग, चीन को 24 रनों से पटखनी दी थी।
श्रीलंका का ग्रुप स्टेज का तीसरा और आखिरी मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ था। इस दौरान श्रीलंका ने सात विकेट से मैच जीतकर अंतिम चार में जगह बना ली, जहां उसका अब सामना आज भारत से होगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल?
भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबले की बात की जाए तो इसकी संभावना फिर से बन रही है। अगर भारत ने श्रीलंका और पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सेमीफाइनल में हरा दिया तो दोनों टीमें फाइनल में चली जाएंगी। इसके बाद दोनों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।
जो 29 नवंबर यानी रविवार को दोहा के इसी स्टेडियम पर खेला जाएगा। अब देखना है कि रविवार को सुपर संडे होता है या फिर कोई और टीमें आमने सामने आती हैं। अगर ऐसा हुआ तो भारत के पास एक बार फिर से खिताब जीतने का मौका तो जरूर रहेगा।
