नई दिल्ली:-:रामायण पर बनी फिल्म को लेकर विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। फिल्म में महाकाव्य रामायण के तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाते हुए दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल इस मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि याचिका 23 नवंबर को रजिस्टर्ड हो चुकी है, लेकिन अभी तक सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं की गई है। इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि फिल्म रिलीज हो चुकी है और जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे इसे देख भी चुके हैं।
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने भी याचिका की जरूरत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माताओं ने अपनी समझ के अनुसार फिल्म बनाई है, अगर याचिकाकर्ता का रामायण को लेकर कोई अलग नजरिया है तो वह अपनी समझ के मुताबिक फिल्म बना सकते हैं। अदालत का समय बर्बाद नहीं करना चाहिए।
कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की गई। दरअसल, यह याचिका मनोज सिंह ठाकुर की ओर से दायर की गई है। इसमें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) द्वारा फिल्म को दिए गए प्रमाणपत्र को चुनौती दी गई है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में रामायण से जुड़े कुछ तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। मामले में प्राइम फोकस स्टूडियोज, मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस, निर्माता नमित मल्होत्रा, अभिनेता यश, निर्देशक नितेश तिवारी, पटकथा लेखक श्रीधर राघवन और संवाद लेखक श्रेयस जैन सहित कई लोगों और संस्थाओं को प्रतिवादी बनाया गया है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने मामले में तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है।
