छत्तीसगढ़:- मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव ने भारोत्तोलन में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए 21 लाख रुपये तथा स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं के लिए क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में दिखा खिलाड़ियों का जोश
‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के प्रेरक संदेश के साथ आयोजित सरगुजा ओलंपिक में तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में रोमांचक मुकाबले हुए। संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कौशल, शारीरिक क्षमता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बना सरगुजा ओलंपिक : मंत्री श्री राजेश अग्रवाल
समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रारंभ सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इसके जरिए खिलाड़ियों को विकासखंड से लेकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों में हार और जीत दोनों ही महत्वपूर्ण अनुभव देते हैं। खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी सुश्री संजू देवी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
समापन समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, खेल एवं युवा संचालक श्रीमती आकांक्षा खलखो, पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक झा, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल तथा जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रोमा श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे।
