भोपाल, 19 दिसंबर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के भौंरी स्थित पुलिस प्रशिक्षण शाला में प्रशिक्षण ले रहे 70 नव आरक्षकों की दीक्षांत परेड 20 दिसंबर को आयोजित होगी।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने लगभग 10 महीने का कठिन प्रशिक्षण लेकर मध्यप्रदेश पुलिस में सेवाएं देने के लिए तैयार हुए सभी 70 नव आरक्षकों को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण शाला में प्रशिक्षण ले रहे 70 नव आरक्षक अब विधिवत रूप से मध्यप्रदेश पुलिस का हिस्सा बन जाएंगे। दीक्षांत परेड पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त राजीव टंडन के मुख्य आतिथ्य में होगी।
उन्होंने कहा कि दीक्षांत परेड के बाद मध्यप्रदेश पुलिस की मुख्य धारा में शामिल हो रहे ये सभी नव आरक्षक कानून- व्यवस्था तथा नागरिकों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएंगे।