भोपाल, 08 जनवरी। अक्सर विवादों में रहने वाले मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के भारतीय जनता पार्टी विधायक रामेश्वर शर्मा जावेद हबीब पर विवादित बयान देकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
विधायक श्री शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक वर्ग के लोगों को संबोधित करते हुए ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि ‘थूकने’ वालों के दुकान की सीढ़ी भी नहीं चढ़नी चाहिए और जिनकी जैसी संस्कृति है, उनके साथ वैसा ही व्यवहार किया जाना चाहिए।
वे वीडियो में ये भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि लोगों में अब जनजागृति फैलानी होगी कि वे इस प्रकार की संस्कृति वाले लोगों से दूर रहें।
मुजफ्फरनगर की एक महिला ने हेयर ड्रेसर जावेद हबीब पर कटिंग के दौरान उनके बालों पर थूकने का आरोप लगाया था। इससे जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसके बाद जावेद हबीब के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।