बीजापुर, 16 जनवरी । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व ने बाघ के मल के 25 नमूने को डीएनए जांच के लिए भेजे हैं, जबकि एक और बाघ के मल को जांच के लिए देहरादून भेजा जा रहा है।
उप संचालक डी़ के़ मेहर ने बताया कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व में दो बाघिन और तीन बाघ होने की पुष्टि हुई है। बाघों के मल के 25 सेंपल भेजे गए हैं। अभी एक और सेंपल भेजा जा रहा है। नौ दिसंबर को 37 सेंपल भेजें गए थे, जिसमें भालू, वन भैंसा और तेंदुए के मल के नमूने शामिल हैं।
श्री मेहर ने बताया कि यहाँ कुछ क्षेत्रों में बाघ देखे गए थे। इन क्षेत्रों में बसे गांवों में मुनादी करवा दी गई है। लोगों को अकेले बाहर नहीं निकलने के लिए समझाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहाँ कुछ हिस्सों में वन भैंसों के झुंड दिखाई दिए हैं, जिनकी सटीक संख्या ज्ञात नहीं है। इनकी संख्या का निर्धारण डीएनए परीक्षण के बाद ही हो सकेगा। तेजी से विलुप्ति की कगार पर पहुंच गए गिद्धों का इस क्षेत्र में दिखना सुखद है। लोगों को वन्य जीवों के संबंध में जागरुक किया जा रहा है।