मुरैना, 16 जनवरी। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की एक अदालत ने धारदार हथियार से एक युवती की हत्या कर उसका शव चंबल नदी में फेंकने के मामले में आरोपी पिता और चाचा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
अभियोजन के अनुसार 02 जून 2019 को चंबल नदी के रायपुर घाट पर एक युवती का शव मिला था, जिसकी पहचान अम्बाह निवासी ओमप्रकाश सिंह तोमर की 19 वर्षीय बेटी के रूप में हुई। इस मामले में युवती के प्रेमी ने उसकी हत्या पिता द्वारा करने की आशंका व्यक्त की थी। प्राथमिक जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने युवती के पिता ओमप्रकाश तोमर और चाचा मलखान सिंह को गिरफ्तार कर चालान अदालत में पेश किया गया। जहॉँ सुनवाई के दौरान मृतका और उसके प्रेमी के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर अम्बाह न्यायालय के अपर सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र सिंह ने ओमप्रकाश और मलखान को दोषी पाया और कल उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई।