भोपाल, 22 जनवरी। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज एक बार फिर अपने आरोप दोहराते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने के लिए डेढ़ महीने पहले से समय मांग रहे थे और मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को गलत जानकारी दी।
श्री सिंह ने अपने ट्वीट के माध्यम से धरने में शामिल होने के लिए श्री कमलनाथ को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कुछ भाजपा नेता यह भूल जाते हैं कि उनके (श्री सिंह स्वयं के) और श्री कमलनाथ के संबंध तब से हैं, जब से वे भाजपा नेता पैदा भी नहीं हुए थे।
इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि श्री चौहान ने श्री कमलनाथ को ग़लत जानकारी दी कि उन्होंने इस विषय में मिलने के लिए समय नहीं माँगा। उन्होंने कहा कि वे लगभग डेढ़ महीने से समय माँग रहे थे।
श्री सिंह ने दावा किया कि वे आम लोगों की लड़ाई लड़ते हैं। कांग्रेस और भाजपा नहीं देखते। उन्होंने दावा किया कि कल उनके साथ धरने में वे डूब प्रभावित क्षेत्र के पीड़ित किसान भी थे जो भाजपा के प्रबल समर्थक रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह ने दो दिन पहले दावा किया था कि उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान से मिलने का समय मांगा था। उन्हें कल (शुक्रवार को) सुबह मुख्यमंत्री श्री चौहान से मिलने का समय दिया गया, लेकिन बाद में मना कर दिया। श्री सिंह ने इसके विरोध में कल मुख्यमंत्री श्री चौहान के निवास के सामने धरना दिया। बाद में उन्होंने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री श्री चौहान से मुलाकात का समय मिल गया है और इसलिए वे अपना धरना समाप्त कर रहे हैं।
इसी बीच श्री सिंह के धरने के स्थल पर पहुंचे श्री कमलनाथ ने मीडिया से कहा कि उनकी स्टेट हैंगर पर श्री चौहान से मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि श्री चौहान ने उनसे कहा था कि श्री सिंह धरना दे रहे हैं, जबकि वे उनसे मिलने के लिए राजी हैं।