
बिलासपुर : हाईकोर्ट में आज से मामलों की नियमित फिजिकल सुनवाई होगी। इसके साथ ही लोअर कोर्ट में भी सभी अदालतों में वकीलों की उपस्थिति के साथ सुनवाई होगी। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने इस संदर्भ में मंगलवार को आदेश जारी किए हैं। संक्रमण बढ़ने पर हाईकोर्ट में फिजिकल उपस्थिति पर रोक लगाकर 11 जनवरी से वर्चुअल सुनवाई शुरू की गई थी। संक्रमण दर कम होने पर 36 दिन बाद अदालतों में ऑफलाइन सुनवाई शुरू की जा रही है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल संजय कुमार जायसवाल ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसके अनुसार अब हाईकोर्ट के साथ ही लोअर कोर्ट में भी 11 जनवरी के पूर्व की तरह प्रकरणों की सुनवाई होगी।