बालकोनगर :-मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थिया ईश्वरी राज, पति विनोद कुमार मरावी, निवासी थाना बालकोनगर, जिला कोरबा द्वारा 09.10.2026 को थाना बालकोनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात्रि लगभग 08:00 बजे वह अपने सहकर्मियों के साथ थाना बालकोनगर में शासकीय कार्य संपादित कर रही थीं। इसी दौरान शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक बच्ची को टक्कर मारने के मामले में अजय यादव को थाना लाया गया था।
थाना परिसर में हंगामा एवं पुलिस आरक्षक से मारपीट
रिपोर्ट के अनुसार, अजय यादव की मां रानी यादव थाना पहुंची और वहां विवाद करते हुए पुलिसकर्मियों के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने लगी। आरोप है कि समझाइश देने के बावजूद वह नहीं मानी तथा पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट की, जिससे आरक्षक के हाथ में चोट आई। घटना के कारण थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की गिरफ्तारी
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना बालकोनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपिया विरुद्ध उपलब्ध तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्यवाही करते हुए दिनांक 10.10.2026 को गिरफ्तार किया गया।
न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
गिरफ्तारी के पश्चात आरोपिया को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपी की न्यायिक रिमांड स्वीकार किए जाने पर उसे जेल भेज दिया गया। प्रकरण में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने अथवा कानून हाथ में लेने जैसी गतिविधियों से बचें। ऐसे कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
कोरबा पुलिस
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।
