जयपुर, 5 मार्च। महिला ड्रग इंस्पेक्टर सिंधू कुमारी को 10 हजार रुपये की घूस लेते हुए एसीबी ने गिरफ्तार किया है. उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया. इस कार्यवाही से हड़बड़ाई सिंधु ने गिरफ्तार करते ही कहा, अकेले मेरे लिए नहीं, ऊपर तक देना पड़ता है, नहीं तो बीकानेर ट्रांसफर करेंगे.
बताया जाता है कि सिंधु कुमारी ने परिवादी की मेडिकल फॉर्म का इंस्पेक्शन करने के नाम पर घूस ली थी. दुकानदार से बोली थी कि तेरी दुकान अच्छी है, 10 हजार लूंगी. सिंधू कुमारी जयपुर के 500 मेडिकल स्टोर से निरीक्षण के दौरान हर महीने पांच-पांच हज़ार रुपये वसूलती थी. एक मेडिकल स्टोर संचालक ने शिकायत की तो कार्यवाही की गई. स्टोर संचालक के मुताबिक सिंधु हर महीने पांच हजार लेती थी. वे निरीक्षण भी नही करती थी और पैसा सीधे घर मंगवा लेती थी. पीड़ित ने बताया कि सिंधु इतनी लालची थी कि अगर दुकान में एक कर्मचारी भी एक्स्ट्रा रख लिया तो उसके लिए भी उन्हें घूस चाहिए होती थी.
एसीबी के एडिशनल एसपी बजरंग सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद जांच अधिकारियों का कहना है कि सिंधु के उपर बैठा एक अधिकारी भी जांच के घेरे में है. यदि सिंधु ने उसका नाम लिया तो उसे भी गिरफतार किया जा सकता है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.