
लवीव (यूक्रेन), पांच मार्च (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को अमेरिकी सांसदों के साथ बातचीत के दौरान दावा किया कि रूसी बल यूक्रेन के दो परमाणु संयंत्र पर कब्जा कर चुके हैं और वे तीसरे संयंत्र की ओर बढ़ रहे हैं।
जेलेंस्की ने कहा कि मौजूदा समय में माइकोलाइव के उत्तर में करीब 120 किलोमीटर की दूरी पर स्थित युझनौक्रेंस्क परमाणु ऊर्जा संयंत्र खतरे में
वाशिंगटन: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी सांसदों से रूस के तेल एवं गैस क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाने और क्रेडिट कार्ड सुविधा को निरस्त करने की अपील की है।
दक्षिण कैरोलिना में रिपब्लिकन पार्टी की नेता लिंडसे ग्राहम ने कहा कि शनिवार को अमेरिकी सांसदों से निजी बातचीत के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता पर बल दिया।
ग्राहम ने एक वीडियो में कहा कि ऐसा कुछ भी जो रूसी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता, वो यूक्रेन के लोगों के लिए सहायक होगा और ऐसा होने से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए युद्ध को और मुश्किल बना देगा।
—————-
यरूशलम: इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने शनिवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात जोकि कई घंटे तक चली।
बेनेट के कार्यालय ने दोनों नेताओं की रूसी राष्ट्रपति कार्यालय में हुई मुलाकात की पुष्टि की है। ये मुलाकात कुछ दिन पहले दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद हुई है।
——————
कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को दावा किया कि देश के मध्य एवं दक्षिण-पूर्वी हिस्से के प्रमुख शहरों पर यूक्रेनी बलों का नियंत्रण बरकरार है जबकि रूसी बल खारकीव, निकोलीव, चेर्निहाइव और सुमी को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं।
जेलेंस्की ने कहा, ” हम अतिक्रमणकारियों को ऐसा नुकसान पहुंचा रहे हैं कि उन्होंने अपने बुरे समय में भी ऐसे नुकसान नहीं देखे होंगे।”
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दावा किया कि युद्ध के 10 दिन में 10,000 रूसी सैनिकों को मार गिराया गया है। हालांकि, इस दावे की प्रमाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
रूस की ओर से हताहत सैनिकों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की जा रही। हालांकि, बुधवार को रूस ने लड़ाई में करीब 500 सैनिकों की मौत होने के बारे में खुलासा किया था।
——
चेर्निहाइव: यूक्रेन की सरकार ने शनिवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें एक रूसी विमान को आसमान से गिरकर दुर्घटनाग्रस्त होते देखा जा सकता है।
—–
न्यूयॉर्क: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को कहा कि इस समय ऐसा कुछ नहीं है जिसके कारण रूस में मार्शल लॉ लगाना पड़े। इस तरह की अटकलें थी कि रूस में मार्शल लॉ लगाया जा सकता है। इसके बाद पुतिन ने यह बयान दिया है। पुतिन ने कहा कि मार्शल लॉ उस देश में लगाया जाता है जहां बाहरी हमला होता है। उन्होंने कहा कि वह रूस में ऐसी कोई स्थिति नहीं देखते हैं और उम्मीद करते हैं कि ऐसी स्थिति उपजे नहीं।
————
रोम: इटली के सरकारी टीवी प्रसारक राई ने रूस में उसकी कवरेज को स्थगित करने का फैसला किया है। अन्य विदेशी मीडिया संस्थानों द्वारा रूस में अपना संचालन अस्थायी तौर पर रद्द किए जाने के बाद शनिवार को इटली के राई ने भी संचालन स्थगित कर दिया।
राई ने कहा कि उसके पत्रकारों की सुरक्षा के मद्देनजर ये उपाय जरूरी है।
———-
न्यूयॉर्क: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को कहा कि किसी तीसरे पक्ष द्वारा यूक्रेन के ऊपर ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित करने को मास्को “युद्ध में शामिल होने’’ के तौर पर देखेगा।
इस बीच, यूक्रेन के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि रूस ने संघर्ष विराम के विपरीत कार्रवाई करते हुए दो शहरों पर बमबारी की, जिससे वहां से लोगों को निकालने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
मारियूपोल और वोलनोवाखा में संघर्ष विराम लागू नहीं होने से युद्ध खत्म करने के प्रयासों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। इसके साथ ही मात्र 10 दिन में करीब 14 लाख लोग यूक्रेन छोड़कर जा चुके हैं।
पुतिन ने यूक्रेन पर, लोगों के निकासी अभियान में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया और यह भी दावा किया कि यूक्रेन का नेतृत्व देश के स्वतंत्र राष्ट्र के दर्जा के भविष्य पर सवाल उठा रहा है।
जिनेवा: संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने शनिवार को रूसी हमले के बाद से यूक्रेन में 351 आम नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। जिनेवा स्थित कार्यालय ने कहा कि 24 फरवरी की मध्यरात्रि से 707 अन्य आम नागरिक घायल हुए हैं।
संरा मानवाधिकार कार्यालय ने इन आंकड़ों के लिए पुष्ट रिपोर्ट का उपयोग किया है। हालांकि, यूक्रेन के अधिकारियों ने हताहतों की इससे कहीं अधिक संख्या पेश की है।