
नेशनल डेस्क । यूक्रेन के विन्नित्सिया एयरपोर्ट पर रविवार को रूस ने एयरस्ट्राइक की. रूस के इस हवाई हमले में नौ लोगों की मौत हुई है. समाचार एजेंसी एएफपी ने यूक्रेन के रेस्क्यू सर्विस का हवाला देते हुए कहा कि मलबे से 15 लोगों को बाहर निकाला गया है, जिसमें से नौ लोगों की मौत हो गई है.
रेस्क्यू सर्विस ने हताहतों पर अपडेट मुहैया कराया गया है. इसमें कहा गया है कि मरने वाले लोगों में पांच नागरिक और चार सैनिक शामिल हैं. टेलिग्राम पर जानकारी देते हुए रेस्क्यू सर्विस ने कहा कि जीवित बचे लोगों की तलाश की जा रही है. रूस लगातार यूक्रेन पर हमला करता जा रहा है.
रविवार को एक वीडियो मैसेज में यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि विन्नित्सिया में आठ रूसी मिसाइलों के जरिए बमबारी की गई. घटना के तुरंत बाद यूक्रेन की संसद ने भी कई ट्वीट किए, जिसमें आसमान में आग और धुआं दिखाई दे रहा था.
इस घटना के बाद जेलेंस्की ने एक बार फिर यूक्रेन पर नो-फ्लाई जोन लागू करने की मांग की. उन्होंने वीडियो में कहा, ‘हम रोज दोहराते हैं. यूक्रेन के ऊपर आसमान बंद करो. सभी रूसी मिसाइलों, लड़ाकू विमानों और आतंकियों के लिए इसे बंद किया जाए.’ यूक्रेन पर रूस द्वारा किए जा रहे हमलों की वजह से अभी तक बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है.