नई दिल्ली/ चंडीगढ़, 10 मार्च । आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में पार्टी मिली ऐतिहासिक जीत पर राज्य की जनता को बधाई देते हुये कहा है कि इतने बड़े जनादेश से डर भी लगता है लेकिन उसकी अपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर पूरा उतरेंगे।
पंजाब में पार्टी की बड़ी जीत पर दिल्ली से उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसाेदिया की मौजूदगी में श्री केजरीवाल ने कहा कि राज्य की राजनीति में ये परिणाम एक बड़ा इंकलाब है। बड़ी-बड़ी कुर्सियां हिल गईं हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह और रजिंदर कौर भठ्ठल, सुखबीर सिंह बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, बिक्रम सिंह मजीठिया जैसे दिग्गज नेताओं को राज्य की जनता ने करारी हार दी है।
उन्होंने कहा कि वास्तव में राज्य की जनता ने कमाल कर दिया है। यह बड़ा इंकलाब है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा, “हमें अंहकार नहीं करना है। प्यार,मोहब्बत और सेवा की राजनीति करनी है।”
आप संयोजक ने कहा, “भगत सिंह ने एक बार कहा था कि आजादी मिलने के बाद अगर सिस्टम नहीं बदला और केवल यही सोच कर रह गये कि हमने अंग्रेजों को देश से भगा दिया तो कुछ नहीं होने वाला।”
उन्हाेंने बड़ी पाटियों पर निशाना साधते हुये कहा कि उन्होंने देश में अंग्रेजों के जमाने का सिस्टम ही बनाये रखा और खूब लूटा। आप ने यह सिस्टम बदला है और इमानदार राजनीति की शुरूआत की है। दिल्ली में अच्छे स्कूल बनने लगे हैं ताकि अमीर-गरीब को एक समान शिक्षा सुनिश्चित की जा सके। पंजाब में मैडीकल स्कूल और डिग्री कॉलेज बनेंगे ताकि युवाओं काे अच्छी शिक्षा के लिये यूक्रेन न जाना पड़े। ऐसा ढांचा बनाएंगे कि बाहर से बच्चे यहां पढ़ने आएं।
उन्होंने लेकिन साथ ही यह भी कहा कि यह इतना आसान नहीं है। उन्होंने बड़ी पार्टियों की ओर निशाना साधते हुये कहा कि ये सारी ताकतें मिल कर आज देश को आगे बढ़ने से रोकना चाहती हैं। पंजाब में भी कितने षडयंत्र रचे गये। सभी पार्टियां इकठ्ठी हो गईं आप को हराने के लिये। अंत में ये सभी बोलने लगे ककि केजरीवाल आंतकवादी है। आज इन चुनाव परिणामों से देश की जनता ने बता दिया है कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं बल्कि देश का सच्चा सपूत और देशभक्त है। चुनाव परिणामों के माध्यम से देश को कथित तौर पर लूटने वाले इन दलों को जनता ने उनकी जगह दिखा दी है।
श्री केजरीवाल ने कहा, “हम सब मिलकर एक नया भारत बनाएंगे, जहां इंसान दूसरे इंसान से प्यार करेगा और नफरत नहीं होगी। अब समय आ गया है कि पहले दिल्ली में और अब पंजाब में और इसके बाद समूचे देश में इंकलाब होगा। ऐसा बदलाव लाने के लिये सभी लोग अब आप में शामिल होकर उठ खड़े हों। उन्होंने कहा कि भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और वह उन्हें बधाई देेते हैं।