नई दिल्ली,11 मार्च। सरकार ने कहा है कि कोरोना महामारी के दौरान दर्ज की गयी कोविड मौतों से अधिक मृत्यु होने का दावा पूरी तरह से गलत और भ्रमित करने वाला है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय पत्रिका में भारत में कोविड मृत्यु के बारे में किये गये दावे पूरी तरह से आधारहीन और गलत हैं। पत्रिका में दावा किया गया है कि भारत में कोविड की दूसरी लहर के दौरान जितनी मौत दर्ज की गयी है, वास्तविक संख्या उससे कई गुनी अधिक है।
मंत्रालय ने कहा है कि भारत में कोविड मृत्यु को दर्ज करने की एक पुख्ता प्रणाली है और यह विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा निर्देशों के अनुरुप है। पत्रिका की अध्ययन प्रणाली त्रुटिपूर्ण और विरोधाभासी है।