चेन्नई, 16 मार्च। सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) ने अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री एस पी वेलुमणि और उनके परिवार के सदस्यों के विभिन्न ठिकानों पर मंगलवार को छापा मारकर करीब 11.153 किलो वजनी सोने के जेवर, 118.506 किलो चांदी, 86 लाख रुपये नकदी और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किये।
डीवीएसी की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि 59 स्थानों (जिनमें कोयम्बटूर के 42 स्थान, चेन्नई में सात, सलेम में चार, तिरुपुर में दो तथा नमक्कल, कृष्णागिरी, तिरुपत्तूर और केरल के अनाइकट्टी में एक-एक स्थान) पर छापे के दौरान अधिकारियों ने
आपत्तिजनक दस्तावेज, मोबाइल फोन, कई बैंक लॉकरों की चाबियां, लैपटॉप, कंप्यूटर हार्ड डिस्क आदि और मामले से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किये।
विभिन्न प्रकार की क्रिप्टो मुद्राओं में 34 लाख रुपये के निवेश का भी पता चला है।
विज्ञप्ति में विश्वसनीय जानकारी के आधार पर कहा गया है कि पूर्व नगर प्रशासन एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं थोंडामुथुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले वर्तमान विधायक वेलुमणि ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। वेलुमणि पर आरोप है कि उन्होंने 12 अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रचकर 27 अप्रैल 2016 से 15 मार्च 2021 के बीच अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से 58,23,97,052 रुपये की अधिक कमाई की।
इस संबंध में कोयंबटूर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है जिसमें वेलुमणि, पी.अंबरसन, सुश्री एस.ए. हेमलता, आर.चंद्रशेखर, के.चंद्रप्रकाश,
सुश्री आर कृष्णवेनी, सुश्री के सुंदरी, एच.कार्तिक, जे.विष्णुवर्धन, एस.सरवनकुमार, श्री महा गणपति ज्वैलर्स प्राइवेट लिमिटेड, कॉन्स्ट्रोमॉल गुड प्राइवेट लिमिटेड और आलम गोल्ड एंड डायमंड्स प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बनाया गया है। इस मामले की फिलहाल जांच चल रही है।