नई दिल्ली, 20 मार्च। जापान की वाहन निर्माता कंपनी सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन (एसएमसी) भारत में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और बैटरी के स्थानीय विनिर्माण के लिए 104.4 अरब रुपए का निवेश करेगी और इसके लिए उसने गुजरात के साथ करार किया है।
कंपनी ने रविवार को जारी बयान में बताया कि उसने 19 मार्च 2022 को यहां आयोजित भारत-जापान आर्थिक मंच में जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में गुजरात राज्य के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। वह इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी के स्थानीय विनिर्माण के लिए 10,440 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
उसने बताया कि एसएमसी सुजुकी मोटर गुजरात में इलेक्ट्रिक वाहनों की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने के लिए वर्ष 2025 में 31 अरब रुपए और इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी विनिर्माण का एक संयंत्र स्थापित करने के लिए 7300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। साथ ही वाहनों के रीसाइक्लिंग संयंत्र निर्माण के लिए वर्ष 2028 में 45 करोड़ रुपए निवेश करने की भी योजना है।
एसएमसी के प्रतिनिधि निदेशक एवं अध्यक्ष तोशिहीरो सुजुकी ने कहा, “छोटी कारों के साथ कार्बन तटस्थता हासिल करना एसएमसी का भविष्य का मिशन है। आत्मनिर्भर भारत के लिए हमलोग भारत में लगातार निवेश कर रहे है।”
इस मौके पर तोशीहिरो सुजुकी, मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी केनिची आयुकावा के साथ ही भारत और जापान के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।