मध्य प्रदेश :– मानसूनी बादल पूरी रंगत में हैं और आने वाले दिनों में वर्षा का यह सिलसिला और रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में झारखंड-बिहार से उत्तर-मध्य यूपी और महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ तक दो अलग-अलग ट्रफ लाइनें गुजर रही हैं। इन दोनों शक्तिशाली प्रणालियों के मेल से प्रदेश में चार सितंबर तक लगातार कहीं तेज तो कहीं रिमझिम वर्षा का दौर चलेगा।
मौसम केंद्र ने मंगलवार को उमरिया और बालाघाट में अति भारी वर्षा, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, मंडला, छतरपुर और टीकमगढ़ में भारी वर्षा के आसार हैं। भोपाल, विदिशा और रायसेन समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रीवा और सीधी समेत कई जिलों में गिरा पानी, जानें बड़े शहरों का तापमान
सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर शांति रही, रीवा में 8 मिलीमीटर, सीधी में 4 मिलीमीटर, सतना में 3 मिलीमीटर और खजुराहो में 2 मिलीमीटर पानी गिरा।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
भोपाल 28.5 23.0
इंदौर 28.0 22.5
ग्वालियर 33.6 26.2
जबलपुर 28.6 23.4
