भारतीय रेल ने अपने यात्रियों की सेवाओं में एक और इजाफा करते हुए, डेस्टिनेशन अलर्ट वेकअप अलार्म सुविधा शुरू की है। यात्री स्टेशन छूटने की चिंता से दूर निश्चिंत होकर ट्रेन में सो सकेंगे, क्योंकि लंबी दूरी वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने वेकअप अलर्ट सुविधा शुरू की है। इसके तहत डेस्टिनेशन स्टेशन आने से 20 मिनट पहले अब यात्री को इसकी जानकारी दी जायेगी।
कई बार यात्रा के समय नींद में या किसी और वजह से यात्रियों का स्टेशन पीछे छूट जाता है या जंप हो जाता है। रात के सफर के दौरान ऐसा ज्यादा होता है। इसलिए रेलवे ने अब डेस्टिनेशन अलर्ट वेकअप अलार्म सुविधा शुरू की है।इस तरह मांग सकते हैं सुविधा : रेलवे के अनुसार इसके लिए यात्री को सबसे पहले भारतीय रेल के सहयोगी उपक्रम आईआरसीटीसी के 139 नंबर पर मोबाइल से कॉल या मैसेज करना होगा।
कॉल रिसीव होने पर भाषा का चयन करना होगा। उसके बाद डेस्टिनेशन अलर्ट के लिए पहले 7 नंबर और फिर 2 नंबर दबाना होगा। इसके बाद यात्री से 10 अंकों का पीएनआर नंबर पूछा जाएगा, जिसके बाद पीएनआर नम्बर डायल करने के बाद कन्फर्म करने के लिए 1 डायल करना होगा।