
लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने आम जनता को राहत देने के लिए बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने कहा कि, प्रदेश में पेट्रोल-डीजल पर वैट नहीं बढ़ाया जाएगा।इसके साथ ही सीएम ने एसजीएसटी की चोरी के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए है।
सीएम ने अफसरों को दिया 1.50 लाख करोड़ राजस्व संग्रह करने का टारगेट
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 6 महीने में जीएसटी से 4 लाख नए व्यापारी जोड़े गए हैं। उन्होंने अफसरों को वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 1.50 लाख करोड़ राजस्व संग्रह का टारगेट दिया है। मुख्यमंत्री योगी ने बैठक में साफ कहा कि यूपी में पेटोल-डीजल पर वैट नहीं बढ़ेगा। सीएम ने अफसरों से ये भी कहा कि व्यापारियों के साथ मित्रवत व्यवहार रखें और टैक्स चोरों से सख्ती से निपटा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे से जोनवार टारगेट तय किया जाएगा और साप्ताहिक समीक्षा होगी। माह के अंत में खुद सीएम जोन वार की रिपोर्ट देखेंगे। सीएम ने कहा कि जीएसटी से जोड़ने के लिए छोटे कस्बों में गोष्ठियां आयोजित की जाएं। इसके अलावा, राज्य कर विभाग को निर्देश दिया कि फील्ड के अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा की जाए। सीएम ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में राजस्व संग्रह के लिए जोनवार लक्ष्य की समीक्षा की। उन्होंने लक्ष्य प्राप्ति के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और अलग-अलग जोन के पोटेंशियल के अनुसार राजस्व संग्रह को बढ़ाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।