सभी को एक बात स्पष्ट रूप से समझ लेनी चाहिए कि मोटर वाहन से यात्रा करते हुए यातायात नियमों का पालन जरूर करना है. इससे सुरक्षित यातायात का माहौल बनता है. वहीं, अगर बिना किसी नियम के वाहन चलाए जाने लगें तो सड़क पर चलना तो मुश्किल हो ही जाएगी, साथ ही हादसे भी ज्यादा होंगे. इसीलिए, यातायात नियमों को लागू किया गया है. अगर कोई यातायात नियम का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसपर कार्रवाई की जाती है. ऐसी स्थिति में अथॉरिटीज द्वारा चालान काटा जाता है या फिर कुछ मामलों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले शख्स को जेल भी हो सकती है. लेकिन, क्या आप यह सोच सकते हैं कि हॉर्न बजाने पर भी चालान कट सकता है?
‘नो हॉर्न जोन’ में हॉर्न न बजाएं
जी हां, हॉर्न बजाने पर भी चालान कट सकता है. लेकिन, ऐसे ही कहीं भी हॉर्न बजाने पर चालान नहीं कटता है. दरअसल, शहरों में कुछ ऐसी जगहें होती हैं, जहां हॉर्न बजाने पर पाबंदी होती है. ऐसी जगहों को ‘नो हॉर्न प्लेस’ या ‘नो हॉर्न जोन’ कहते हैं. स्कूल, हॉस्पिटल आदि के पास ‘नो हॉर्न जोन’ होता है, ऐसी जगहों पर आपको रोड पर ही ‘नो हॉर्न जोन’ का साइन भी लगा मिल जाएगा. अगर आपको ‘नो हॉर्न जोन’ का साइन दिखे तो सावधान हो जाएं और हॉर्न न बजाएं क्योंकि अगर हॉर्न बजाते पकड़े गए तो हजारों रुपये का चालान कट सकता है.
हॉर्न से होता है ध्वनि प्रदूषण
‘नो हॉर्न जोन’ में हॉर्न बजाने को लेकर अलग-अलग शहरों या राज्यों में जुर्माने की राशि भी अलग-अलग होगी. यह नियम ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. लोगों को ‘नो हॉर्न जोन’ में हॉर्न नहीं बजाना चाहिए. अगर कोई हॉर्न बजाता पाया जाता है, तो वह नियम का उल्लंघन होगा.