कबीरधाम : कबीरधाम जिले की दिव्यांग खिलाड़ी छोटी मेहरा ने इंडियन ओपन एथलेटिक्स बेंगलुरु में आयोजित खेल प्रतियोगिता में अपना बेहतर प्रदर्शन कर गोल्ड एवं रजत पदक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। छोटी मेहरा ने कबीरधाम जिले के साथ प्रदेश का नाम भी खेल जगत में रौशन किया है। पैरा ओलंपिक कमिटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक कमेटी के मापदंड के अनुसार चौथी भारतीय राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप बैंगलुरु कर्नाटक में आयोजित किया गया था।
जिसमें कबीरधाम पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह के द्वारा छोटी मेहरा का उत्साहवर्धन कर उक्त प्रतियोगिता में शामिल होने सहयोग प्रदान कर उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु रवाना किया गया था। जिसमें दिव्यांग खिलाड़ी छोटी ने गोल्ड मेडल सहित 2 मैडल हासिल किया हैं। चक्र फेक प्रतियोगिता में 13.76 मीटर की दूरी तक चक्र फेक कर गोल्ड मेडल के साथ राष्ट्रीय रिकार्ड भी अपने नाम किया, साथ ही गोला फेक प्रतियोगिता में रजत पदक भी प्राप्त किया हैं।
ट्रेनर प्रधान आरक्षक वसीम रजा कुरैशी के द्वारा जानकारी दिया गया कि दिव्यांग छोटी मेहरा शुरू से ही खेल के प्रति काफी रुचि रखती हैं। अब तक वह कई मैडल व पुरुस्कार भी अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बदौलत प्राप्त कर चुकी हैं। दिव्यांग छोटी मेहरा का जीवन बहुत से आभावों में गुजर रहा हैं। लेकिन जब से हमारे पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सर आये हैं, वे स्वयं इन खिलाड़ियों कि हर तरह से पूर्ण सहयोग कर रहे हैं, जिससे इनका आत्मविश्वास लगातार बढ़ रहा है और यह अपना बेहतर प्रदर्शन कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।