खरगोन। खरगोन जिले में बड़ा हादसा हुआ है। मंगलवार शाम स्टेट हाईवे-27 से बस नदी में गिर गई। हादसा सनावद और धनगांव के बीच हुआ है। बताया जा रहा है कि बस में 40 से 50 पैसेंजर सवार थे। 20 से ज्यादा यात्रियों को गंभीर चोटें आईं हैं। घटनास्थल पर 10 एंबुलेंस पहुंचाई गईं हैं। घायलों को सनावद के अस्पताल ले जाया जा रहा है। खंडवा से एसपी विवेक सिंह और कलेक्टर अनूप कुमार सिंह भी घटनास्थल पहुंचे। एसपी विवेक सिंह के मुताबिक, हादसे में एक यात्री की मौत होने की खबर है। बस खंडवा से इंदौर जा रही थी।
एसपी के अनुसार घटना की जानकारी मिलने के बाद मदद के लिए पुलिस बल और रेस्क्यू टीम को तुरंत रवाना कर दिया गया। इसी दौरान खंडवा और सनावद अस्पताल में इमरजेंसी के लिए मैसेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के नदी में गिरने की सूचना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण किनारे से नदी में उतरे और लोगों को बाहर निकालने में मदद की। बस के नदी में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही की नदी में पानी कम था। इससे यात्रियों को संभलने का मौका मिल गया। यात्रियों ने बस का दरवाजा खोला और बाहर निकले। इसके बाद कुछ यात्री खिड़की के सहारे भी बाहर निकले। ग्रामीणों ने यात्रियों को रस्सी के सहारे बाहर निकलने में मदद की। हादसे की सूचना के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई है। इधर, हादसे की सूचना के बाद यात्रियों के परिजन भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि नदी से पुल की ऊंचाई करीब 10 फीट है। बस ड्राइवर ने सामने से आ रही गाड़ी को साइड देने के लिए रास्ता दिया, इसी दौरान ये हादसा हो गया। बारिश की वजह से रोड पर फिसलन है। दौड़वा हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ अतिथि शिक्षक राधा वर्मा, शिक्षक त्रिलोकचंद भी हादसे में घायल हुए हैं। राधा वर्मा के हाथ में फ्रेक्चर आया है। वर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
