नई दिल्ली : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बिहार के पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव , उनकी पत्नी राबड़ी देवी और 14 अन्य के खिलाफ रेलवे में उनके कार्यकाल के दौरान कथित तौर पर जमीन के बदले नौकरी घोटाले में चार्जशीट दाखिल किया है। जिसके बाद सभी 14 लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है।
अधिकारी ने कहा कि लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती और रेलवे के एक पूर्व महाप्रबंधक को भी हाल ही में सीबीआई की एक विशेष अदालत के समक्ष दायर चार्जशीट में आरोपी के रूप में नामित किया गया है।
केंद्रीय एजेंसी ने 23 सितंबर, 2021 को रेलवे में कथित भूमि के बदले नौकरी घोटाले से संबंधित प्रारंभिक जांच दर्ज की थी, जिसे 18 मई को एक FIR में बदल दिया गया था। केंद्रीय एजेंसी के अनुसार, उम्मीदवारों को कथित तौर पर रेलवे अधिकारियों द्वारा अनुचित हड़बड़ी में आवेदन करने के तीन दिनों के भीतर ग्रुप-D पदों पर विकल्प के रूप में नियुक्त किया गया था।
मिली जानकारी के मुताबिक़, आरोप है कि बाद में उन व्यक्तियों ने स्वयं या उनके परिवार के सदस्यों ने अपनी जमीन ट्रांसफर कर दी थी। एजेंसी का आरोप है कि यह ट्रांसफर राबड़ी देवी और बेटियों मीसा भारती एवं हेमा यादव के नाम पर किया गया था। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि पटना में करीब 1.05 लाख वर्ग फुट जमीन प्रसाद के परिवार के सदस्यों ने विक्रेताओं को नकद भुगतान कर अधिग्रहित की थी।