कांग्रेस पार्टी को आज नया अध्यक्ष मिलना तय है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज मतगणना होगी और इसी के साथ 24 साल बाद नेहरू-गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा।पूर्व केंद्रीय मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर मैदान में हैं। सूत्रों ने बताया कि मतगणना बुधवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी और उसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सोमवार को हुआ था मतदान
केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 9500 डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्यों) ने पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार (17 अक्तूबर) को मतदान किया था।
छठी बार अध्यक्ष पद के लिए हुआ चुनाव
कांग्रेस के करीब 9900 डेलीगेट्स पार्टी प्रमुख चुनने के लिए मतदान करने के पात्र थे। कांग्रेस मुख्यालय समेत लगभग 68 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था। कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। इस बार पूरे 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। उन्होंने बताया कि इस चुनाव से 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा। इससे पहले सीताराम केसरी गैर-गांधी अध्यक्ष रहे थे।