नई दिल्ली:– तेलंगाना में माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। राज्य की स्टेट कमेटी के दो शीर्ष नेताओं समेत कुल आठ नक्सलियों ने वारंगल पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। फिलहाल पुलिस की तरफ से आधिकारिक पुष्टि बाकी है।
जानकारी के अनुसार, ये सभी नक्सली कुछ दिन पहले ही गुपचुप तरीके से सरेंडर हो चुके थे और सोमवार को इसकी आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है। आत्मसमर्पण करने वालों में सबसे प्रमुख नाम कोय्यादी संबय्या उर्फ़ आज़ाद है, जो बीकेएसआर डिवीज़न कमेटी के सचिव रह चुके हैं। आज़ाद लंबे समय से संगठन में रणनीतिक भूमिका निभा रहे थे। इसके अलावा अब्बास नारायण उर्फ़ रमेश, तकनीकी टीम के प्रभारी, ने भी आत्मसमर्पण किया। रमेश लंबे समय से रामागुंडम इलाके में सक्रिय थे।
बता दें कि, आज़ाद और स्टेट कमेटी प्रमुख दामोदर के बीच अंदरूनी मतभेद और टकराव भी इस सरेंडर की बड़ी वजह रहे हैं। आज़ाद मुलुगु जिले के मोद्दुलागुडेम गांव के निवासी हैं और स्टेट कमेटी में उनकी पकड़ काफी मजबूत थी।
यदि पुलिस की तरफ से आधिकारिक पुष्टि होती है, तो यह सरेंडर तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका साबित होगा।
