छत्तीसगढ़:– प्रेमिका के बुलावे पर पहुंचे एक युवक को उसके भाई द्वारा जिंदा जलाने का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में प्रेमिका के आरोपित भाई के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जिले के ग्राम कनकी क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय विस्सु सारथी को उसकी प्रेमिका ने फोन कर गांव के मेले में मिलने के बहाने बुलाया था।
तालाब में छलांग लगाकर बचाई जान
युवक प्रेमिका से मिलने के लिए जांजगीर-चांपा जिला अंतर्गत कठौत गांव पहुंचा। वहां पहुंचते ही प्रेमिका का भाई उससे मिल गया और दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान प्रेमिका के भाई ने युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुए हमले से युवक आग की चपेट में आ गया, लेकिन उसने साहस दिखाते हुए पास ही स्थित तालाब में छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए युवक को तालाब से बाहर निकाला।
अस्पताल में युवक का इलाज जारी
घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस ने पीड़ित युवक का बयान दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। युवक ने पुलिस को बताया कि प्रेमिका के बुलावे पर वह गांव पहुंचा था, जहां उसके भाई ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पतासाजी की जा रही है।
