नई दिल्ली :· जहां हरियाणा विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच चलती बातचीत फिलहाल अटक गई है। वहीं इन दोनों की ओर से पार्टी नेताओं की कई राउंड बैठकें हो चुकीं हैं। लेकिन नतीजा सिफर रहा क्योंकि सीट शेयरिंग को फॉर्मूला अब तक फाइनल नहीं हो सका है। अंदरूनी सूत्रों की मानें तो, ‘आप’ ने 10 सीटों की मांग की है, जबकि कांग्रेस 5 से 7 सीटों की पेशकश कर रही है।
हालांकि इस बीच कांग्रेस ने यहां उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। वहीं कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर अनिश्चितता के बीच आम आदमी पार्टी के कई नेता अनेंको बयान दे चुकें हैं। इसी क्रम में अब आप से विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि, हरियाणा में आप-कांग्रेस गठबंधन होने से पहले लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में बने इसी तरह के गठबंधन की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करना चाहिए।
सोमनाथ भारती का कहना था कि दिल्ली में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए AAP के वरिष्ठ नेताओं और कैबिनेट मंत्रियों ने रोड शो किए और प्रचार किया. लेकिन AAP उम्मीदवारों खासकर मुझे,दिल्ली कांग्रेस और स्थानीय नेताओं ने बदले में बिल्कुल भी समर्थन नहीं दिया। वहीं दिल्ली कांग्रेस प्रमुख सरदार अरविंदर सिंह लवली समेत कई कांग्रेस नेता चल रहे चुनाव प्रचार के बीच में ही कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हो गए।
उन्होने आगे कहा कि, ‘आप’ समर्थक इस तरह के बेमेल और स्वार्थी गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं और ‘आप’ को हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में सभी सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ना चाहिए। हरियाणा विधानसभा चुनाव को दौरान जहां राज्य BJP की हालत खराब है, वहीं कांग्रेस में भारी अंतर्कलह है. ऐसे में ‘आप’ को हरियाणा में पहली गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेस ईमानदार सरकार देने के लिए अपने दम पर सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए।
जानकारी दें कि इससे पहले बीते 7 सितंबर को आप के राष्ट्रीय सचिव (संगठन) संदीप पाठक ने कहा कि जो लोग पार्टी को कम आंकते हैं, उन्हें पछताना पड़ेगा। पार्टी हरियाणा में सभी 90 सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। हालांकि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि, उम्मीद पर दुनिया कायम है और जल्द ही गठबंधन को अंतिम रूप दिया जाएगा.
देखा जाए तो आम आदमी पार्टी हरियाणा में लगातार प्रचार अभियान चला रही है। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल फिलहाल जेल में हैं ऐसे में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने राज्य में जनसभाओं को संबोधित किया। इससे पहले आप सूत्रों ने बीते शुक्रवार को दावा किया था कि गठबंधन को लेकर बातचीत टूटने के कगार पर है। यह भी दावा किया गया था कि पार्टी 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है। वहीं आज रविवार 8 सितंबर को ‘आप’ अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है।
