छत्तीसगढ़:– बुधवार सुबह एसीबी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त टीमों ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग समेत राज्य के कई हिस्सों में लगभग 20 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई उन अधिकारियों पर केंद्रित है, जो पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) के पद पर पहुंचे हैं।
रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग समेत 7 शहरों में दबिश
मिल रही जानकारी के अनुसार, एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, जगदलपुर, गरियाबंद और महासमुंद में तड़के से ही एक्शन मोड में हैं। छापेमारी उन अधिकारियों के घरों, कार्यालयों और व्यक्तिगत ठिकानों पर की जा रही है, जिन पर प्रमोशन से जुड़ी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए थे।
प्रमोशन परीक्षा में गड़बड़ी की जांच गहन हुई
बताया जा रहा है कि कई अधिकारियों ने पटवारी से RI पदोन्नति परीक्षा में नियमों के विपरीत लाभ प्राप्त किया हो सकता है। जांच एजेंसियां दस्तावेज़, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य एकत्र करने में जुटी हैं।
