
पलामू जिले में पाटन थानाक्षेत्र के इमली गांव में शनिवार को पिता से नाराज एक किशोरी ने कूएं में छलांग लगा कर जान दे दी । उसे बचाने के लिए पिता ने भी कूएं में छलांग लगा दी जिससे उसकी भी मौत हो गई। थानेदार प्रकाश कुमार ने बताया कि पिता चिता भुइयां (45) से उसकी पुत्री लक्ष्मी कुमारी (17) की किसी बात पर लड़ाई हो गयी जिससे नाराज हो कर उसने गांव के कूएं में छलांग लगा कर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि पुत्री को मनाने के लिए उसके पीछे-पीछे भाग रहे पिता ने भी जब पुत्री को कूएं में कूदते देखा तो उन्होंने भी उसे बचाने के लिए स्वयं कूएं में छलांग लगा दी जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई । पुलिस ने पिता-पुत्री दोनों के शवों को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।